चांडिल: आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर सरायकेला-खरसावां जिले की कपाली ओपी पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है. त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार जांच और गश्ती अभियान चला रही है.


कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों और प्रमुख मार्गों पर निगरानी रख रही है. वाहनों की जांच के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है, ताकि दुर्गा पूजा के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके.
पूजा पंडालों की सुरक्षा पर विशेष नजर
दुर्गा पूजा के दौरान पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं.
पुलिस की नजर असामाजिक तत्वों, अनावश्यक रूप से जमावड़ा लगाने वालों और संदिग्ध गतिविधियों पर है. किसी भी तरह की अफवाह, विवाद या संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के लिए पुलिस सतर्क है.
पुलिस ने आम लोगों से की अपील
कपाली ओपी पुलिस ने क्षेत्र के लोगों से दुर्गा पूजा का त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है. पुलिस ने लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया है.
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि दुर्गा पूजा के दौरान क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और आपसी भाईचारे का माहौल कायम रहे, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के पूजा-अर्चना कर सकें.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

