आदित्यपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर में एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है. माझी टोला स्थित संजय नगर में मंगलवार तड़के करीब 4:30 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति किराए के मकान में घुस गया. महिला के अनुसार, संदिग्ध पूरी तरह निर्वस्त्र था, उसके शरीर पर ग्रीस लगा था और चेहरे पर नीले रंग का कपड़ा बंधा हुआ था. इस घटना के बाद इलाके में कथित ‘मंकी मैन चोर’ को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.


बताया जा रहा है कि नवरात्रि का व्रत रख रही महिला कमरे में अकेली सो रही थी, जबकि उसका पति और बच्चा घर के बाहर चौकी पर सोए हुए थे. इसी दौरान संदिग्ध छत के रास्ते कमरे में दाखिल हुआ और दरवाजा भिड़ाकर मोबाइल उठाने लगा.
अचानक महिला की नींद खुली तो सामने अनजान व्यक्ति को देखकर वह घबरा गई और शोर मचाने लगी. शोर सुनते ही संदिग्ध उसी रास्ते छत पर चढ़कर फरार हो गया.
घटना से जुड़ी गतिविधियां सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है. हालांकि, संदिग्ध की पहचान और घर में घुसने का वास्तविक उद्देश्य अभी स्पष्ट नहीं है.
घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. फिलहाल पुलिस की ओर से घटना की आधिकारिक पुष्टि या कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है. ऐसे में संदिग्ध की पहचान और पूरे घटनाक्रम की जांच महत्वपूर्ण है.
video

