चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुदड़ी थाना क्षेत्र में अवैध अफीम और पोस्ता की खेती पर रोक लगाने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस ने जागरूकता अभियान चलाया. इस दौरान बेराउरुरिंग, बुरुउरूरिंग, तुजूर, जतरामा, टाकूब और रोरो गांवों में ग्रामीणों को अवैध खेती के दुष्परिणामों और इससे जुड़ी कानूनी कार्रवाई की जानकारी दी गई.


अभियान में गांव के मुंडा और बुजुर्गों का सहयोग लिया गया. पुलिस ने ग्रामीणों को समझाया कि अवैध अफीम या पोस्ता की खेती करना कानूनन अपराध है. ऐसी गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है. पुलिस ने ग्रामीणों से इस तरह की खेती से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की.

गुदड़ी थाना प्रभारी सुदर्शन मिंज ने कहा कि अवैध अफीम या पोस्ता की खेती करना और कराना कानूनन अपराध है. इससे युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में आ सकती है और समाज पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है. उन्होंने बताया कि ऐसे मामलों में एनडीपीएस अधिनियम के तहत कठोर कारावास और जुर्माने का प्रावधान है.
थाना प्रभारी ने ग्रामीणों से अवैध खेती छोड़कर वैध और उपयोगी फसलों की खेती करने की अपील की. साथ ही आसपास कहीं भी अवैध अफीम या पोस्ता की खेती होने की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करने का आग्रह किया.

जागरूकता अभियान के दौरान पुलिस जवानों ने गांवों में रैली निकालकर लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया. रैली के माध्यम से स्वस्थ समाज और खुशहाल परिवार के निर्माण का आह्वान किया गया. इस मौके पर पुलिस के जवान और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक

