सरायकेला: जिले के राजनगर प्रखंड के बाना पंचायत अंतर्गत बड़ाकांकी और टांगरानी गांव में तीन दिवसीय मां मनसा पूजा सोमवार को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुई. पूजा को लेकर दोनों गांवों में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा. ग्रामीणों ने मां मनसा की विधिवत पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और क्षेत्र की उन्नति की कामना की.


धार्मिक अनुष्ठान के तहत शनिवार को घाट पूजा की गई, जबकि रविवार को पारंपरिक बारी उठाने की रस्म निभाई गई. सोमवार को पूजा के अंतिम दिन धार्मिक परंपरा के अनुसार बकरे और हंस की बलि दी गई. इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पूजा-अर्चना में भाग लिया.
ग्रामीणों के अनुसार, मां मनसा की पूजा का क्षेत्र में विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है. वर्षों से चली आ रही इस परंपरा के माध्यम से ग्रामीण अपनी आस्था और सांस्कृतिक विरासत को संजोए हुए हैं.
तीन दिनों तक चले धार्मिक अनुष्ठान के दौरान दोनों गांवों में भक्तिमय वातावरण बना रहा. पूजा के समापन पर श्रद्धालुओं ने मां मनसा से सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल

