जमशेदपुर: अब तक मोबाइल, बाइक और घरेलू सामान किस्तों पर खरीदने की बात सामने आती रही है, लेकिन जमशेदपुर में किस्तों पर अवैध हथियार खरीदने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. बिरसानगर थाना पुलिस ने लुपुंगडीह मैदान में छापेमारी कर तीन नाबालिगों को निरुद्ध किया है, जबकि यश दास नामक युवक को गिरफ्तार किया है. इनके पास से एक अवैध पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं.


सोमवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को लुपुंगडीह मैदान में चार युवकों की संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी. वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने छापेमारी कर चारों को पकड़ा. तलाशी के दौरान हथियार और कारतूस बरामद हुए.
शौक में खरीदी पिस्टल, किस्त बनी मुसीबत !
सिटी एसपी के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि युवकों ने शौकिया तौर पर 30 हजार रुपये में किस्तों पर अवैध हथियार खरीदा था. बाद में किस्त की रकम नहीं चुका पाने के कारण वे हथियार बेचने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली और कार्रवाई की गई.
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए सभी युवक पढ़ाई-लिखाई से जुड़े हैं और उनका पूर्व में कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है. गिरफ्तार यश दास साकची क्षेत्र का रहने वाला है.
किस्तों पर हथियार बेचने वाला कौन ? पुलिस तलाश में जुटी
इस खुलासे ने अवैध हथियारों की आपूर्ति के नए तरीके को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस अब उस व्यक्ति या गिरोह की तलाश कर रही है, जिसने युवकों को किस्तों पर हथियार उपलब्ध कराया था. मामले में बिरसानगर थाना कांड संख्या 69/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस हथियार आपूर्ति के नेटवर्क की जांच कर रही है.

