सिमडेगा: जिले के बानो थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 400 पीस सेमर की लकड़ी लदा पिकअप वाहन जब्त किया है. इस मामले में गुमला जिले के बसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत डोलोंगसेरा गांव निवासी चालक नंदलाल साहू को गिरफ्तार किया गया है.


एसडीपीओ धर्मदेव पासवान के अनुसार, 11 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन से अवैध लकड़ी बसिया की ओर ले जाई जा रही है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बानो थाना प्रभारी ने सशस्त्र बल के साथ उकौली जंगल के समीप घेराबंदी की.
इसी दौरान प्लास्टिक से ढका एक पिकअप वाहन आता दिखाई दिया. पुलिस ने रुकने का संकेत दिया तो चालक वाहन लेकर भागने लगा. पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया. तलाशी के दौरान वाहन से करीब 400 पीस चिरी हुई सेमर की लकड़ी बरामद हुई.
पुलिस ने लकड़ी और वाहन जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया. मामले में बानो थाना कांड संख्या 31/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता और भारतीय वन अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है. गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है. वहीं, अवैध लकड़ी कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है.

