बेतिया: पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में पुलिस हिरासत में 25 वर्षीय फाइनेंस कर्मी दिलशाद अंसारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है. परिजनों ने पुलिस पर साजिश के तहत हत्या करने का गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है. घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अवरहिया बढ़ई टोला, वार्ड संख्या तीन की है.


मृतक के पिता अकबर अंसारी के अनुसार, रविवार देर रात करीब दो बजे पुलिस की दो गाड़ियां उनके घर पहुंचीं और दिलशाद को अपने साथ ले गईं. बाद में बताया गया कि उसे एनडीपीएस मामले में हिरासत में लिया गया है. कुछ ही समय बाद उसकी मौत की सूचना मिली.
पिता का कहना है कि पुलिस ने उन्हें बताया कि दिलशाद गाड़ी से कूदकर भागने का प्रयास कर रहा था. इसी दौरान गिरने से उसका पैर टूट गया और सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई. हालांकि, परिजनों ने पुलिस के इस दावे पर सवाल उठाए हैं.
मृतक की पत्नी नगमा खातून ने साजिशन हत्या का आरोप लगाते हुए सिर के पीछे लगी चोट और मौत की परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच की मांग की है.
दिलशाद एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था और तीन भाइयों में सबसे छोटा था. उसकी चार माह की बच्ची है. अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मचा है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दिलशाद के खिलाफ एनडीपीएस समेत कई आपराधिक मामले दर्ज थे. हालांकि, हिरासत में उसकी मौत की वास्तविक परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा.

