बेगूसराय: जिले के बछवारा प्रखंड के रुदौली पंचायत में करोड़ों की लागत से बन रहे पंचायत सरकार भवन की गुणवत्ता को लेकर उठे सवाल अब प्रशासनिक जांच की कार्यशैली तक पहुंच गए हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बाद जांच के लिए पहुंचीं जिला पंचायती राज पदाधिकारी पूजा कुमारी ने निष्पक्ष जांच करने के बजाय संवेदक के साथ भवन के अंदर जाकर दरवाजा बंद कर लिया और पूरी प्रक्रिया महज खानापूर्ति बनकर रह गई.


ग्रामीणों का कहना है कि जब उन्होंने जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाया तो अधिकारी ने कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया, मोबाइल छीनने का प्रयास किया और केस करने की धमकी दी. शिक्षक न्यूटन कुमार ने आरोप लगाया है कि उन्हें विभागीय दबाव देकर प्रताड़ित किया जा रहा है और उनके खिलाफ झूठा मुकदमा तक दर्ज करा दिया गया.
वार्ड सदस्य प्रतिनिधि जफिर आलम का कहना है कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर पहले ही शिकायत दी गई थी, लेकिन जांच के दौरान शिकायतकर्ताओं की बात सुनने के बजाय उन्हें ही दबाव में लेने का प्रयास किया गया. ग्रामीणों ने पंचायत सरकार भवन के पीछे शराब की बोतलें मिलने का भी आरोप लगाया है.
मामले ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. यदि सरकारी निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाना ही शिकायतकर्ता के लिए परेशानी का कारण बन जाए, तो जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठना स्वाभाविक है. ग्रामीण अब पूरे मामले की उच्चस्तरीय और पारदर्शी जांच की मांग कर रहे हैं. हालांकि जिला पंचायती राज पदाधिकारी या प्रशासन का विस्तृत पक्ष सामने आना अभी बाकी है.
Video

