आदित्यपुर: दुर्गा पूजा के दौरान घर बंद कर बाहर जाने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर आरआईटी थाना पुलिस ने विशेष पहल की है. पुलिस ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि पूजा की छुट्टियों में घर बंद कर पैतृक गांव या दूसरे शहर जा रहे हैं तो इसकी सूचना पहले थाना को दें, ताकि पुलिस गश्ती के दौरान संबंधित मकानों पर विशेष निगरानी रख सके.


पुलिस के अनुसार, त्योहार के दौरान कई परिवार घरों में ताला लगाकर बाहर चले जाते हैं. ऐसे में सुनसान और बंद मकान चोरों के निशाने पर आ सकते हैं. इसी आशंका को देखते हुए पुलिस ने लोगों से सहयोग मांगा है. सूचना मिलने पर गश्ती दल संबंधित इलाके में निगरानी बढ़ा सकेगा.
वाहनों में डबल लॉक लगाने की अपील
आरआईटी थाना पुलिस ने वाहन मालिकों से भी विशेष सावधानी बरतने को कहा है. पुलिस ने दोपहिया वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करने और डबल लॉक का इस्तेमाल करने की सलाह दी है, ताकि वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके.
इसके अलावा घर से निकलने से पहले दरवाजे और खिड़कियों के ताले अच्छी तरह जांचने तथा आसपास किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की गई है. पुलिस का कहना है कि आम नागरिकों की सतर्कता और पुलिस के साथ बेहतर समन्वय से त्योहार के दौरान चोरी की घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी.

