जमशेदपुर: योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ झारखंड के तत्वावधान में गोलमुरी स्थित मिथिला सांस्कृतिक परिषद में द्वितीय राज्य स्तरीय पैरा योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप-2026 का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में 120 से अधिक दिव्यांग खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा, एकाग्रता, संतुलन और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया. दृष्टिबाधित, श्रवणबाधित, अस्थि दिव्यांग और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों ने विभिन्न आयु वर्गों में अपनी योग प्रतिभा का परिचय दिया.


कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि अभय सिंह और विशिष्ट अतिथि शिव शंकर सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया. इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज तिवारी, मुख्य राज्य सलाहकार विपिन पांडे, राज्य सचिव चंदू कुमार, पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष सुधा झा, पैरा योगासन स्पोर्ट्स प्रमोशन कमिटी के चेयरमैन सह समन्वयक डॉ. रवि शंकर नेवार और चैंपियनशिप निदेशक मलय कुमार डे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
विभिन्न श्रेणियों में खिलाड़ियों ने हासिल किया पहला स्थान
दृष्टिबाधित श्रेणी के अंडर-20 बालक वर्ग में ओम मुर्मू ने प्रथम, सुधांशु प्रसाद साहू ने द्वितीय और विनय सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. बालिका वर्ग में बेबी पोद्दार प्रथम, हंसिका सिंह द्वितीय और वंशिका कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं. वहीं 20 वर्ष से अधिक आयु के पुरुष वर्ग में आनंद महतो प्रथम, दीपक पासवान द्वितीय और सागर कुमार तृतीय स्थान पर रहे. महिला वर्ग में नेहा पोद्दार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया.

श्रवणबाधित श्रेणी के अंडर-17 बालक वर्ग में आयुष कुमार प्रथम रहे, जबकि कमल किशोर बारी और सूरज कुमार संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे. शौर्य कुमार और आयुष कुमार को संयुक्त रूप से तीसरा स्थान मिला. बालिका वर्ग में राखी कुमारी प्रथम, आरोही और कोमल कुमारी संयुक्त रूप से द्वितीय तथा प्रियांशी तृतीय स्थान पर रहीं. वहीं 17 वर्ष से अधिक आयु के पुरुष वर्ग में इन्द्रजीत प्रतिहार प्रथम, अनमोल कुमार गिरी द्वितीय और अंशु कुमार तृतीय स्थान पर रहे. महिला वर्ग में प्रियंका कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया.
अस्थि दिव्यांग श्रेणी के अंडर-17 बालक वर्ग में करण कुमार प्रथम, दिव्यम दास द्वितीय और पी. निखिल साईं तृतीय स्थान पर रहे. बालिका वर्ग में आयरा ने प्रथम और शिवांशी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया.
दिव्यांग खिलाड़ियों को समान अवसर देना प्रतियोगिता का उद्देश्य
मुख्य राज्य सलाहकार विपिन पांडे ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों को योग और खेल के क्षेत्र में समान अवसर उपलब्ध कराना तथा उनकी प्रतिभा को राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए सशक्त मंच प्रदान करना है. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास के बल पर चुनौतियों का सामना किया जा सकता है.
मुख्य अतिथि अभय सिंह ने कहा कि योग केवल शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि मानसिक एकाग्रता, सकारात्मक सोच और आत्मनिर्भरता विकसित करने का प्रभावी माध्यम भी है. विशिष्ट अतिथि शिव शंकर सिंह ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं दिव्यांग खिलाड़ियों को खेल की मुख्यधारा से जोड़ने और समाज में समानता एवं सम्मान की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं.
एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. वहीं पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष सुधा झा ने कहा कि इस प्रतियोगिता का सफल आयोजन झारखंड में पैरा योगासन खेल के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.
कार्यक्रम को सफल बनाने में के. प्रभाकर राव, अर्जुन शर्मा, ललिता शर्मा, प्रज्ञा पारोमिता चक्रवर्ती, लक्ष्मी साहू, गौरी कर, इराक्षी शामल, प्रेमलता प्रसाद, राजन गुप्ता, अजय वर्मा, संगीता डे, सुषमा वर्मा, शाश्वती मैती, सुषमा गुप्ता, पूनम चक्रवर्ती, तरुणा नेवार और महिला पतंजलि योग समिति की सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.

