कांड्रा: कांड्रा थाना अंतर्गत पिंडराबेड़ा गांव की सड़क पर रविवार को दो बाइकों के बीच टक्कर हो गई. हादसे में गम्हरिया के शांतिनगर निवासी एक व्यक्ति घायल हो गया. घटना के बाद टक्कर मारने वाला बाइक सवार अपना वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया.


मिली जानकारी के अनुसार, शांतिनगर निवासी व्यक्ति बाइक संख्या JH 05AC 5697 से फुटबॉल मैच देखने जा रहा था. इसी दौरान बाइक संख्या JH 05Z 3329 पर सवार व्यक्ति ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि शांतिनगर निवासी व्यक्ति के पैर में चोट लग गई और वह लहूलुहान हो गया.
घटना के बाद मौके पर जुटे राहगीरों ने घायल व्यक्ति की मदद की और उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा. वहीं, दुर्घटना की सूचना मिलने पर कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस फरार बाइक सवार की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है.

