सरायकेला: दुर्गा पूजा के दौरान शांति, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर सरायकेला थाना पुलिस पूरी तरह सतर्क है. शनिवार को थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पूरे शहरी क्षेत्र में पैदल गश्ती अभियान चलाया. इस दौरान प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों और पूजा पंडालों के आसपास भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया.


पैदल गश्ती के दौरान पुलिस ने आम लोगों से दुर्गा पूजा का पर्व शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के माहौल में मनाने की अपील की. पुलिस की सक्रियता के माध्यम से जहां श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया, वहीं असामाजिक तत्वों को भी स्पष्ट संदेश दिया गया कि त्योहार के दौरान शांति भंग करने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
थाना प्रभारी विनय कुमार ने कहा कि दुर्गा पूजा आस्था, श्रद्धा और आपसी भाईचारे का पर्व है. सभी लोग सौहार्द बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाएं. उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और बिना पुष्टि के किसी सूचना अथवा संदेश को आगे नहीं फैलाने की अपील की.
उन्होंने कहा कि यदि कहीं अशांति, विवाद, संदिग्ध गतिविधि या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की जानकारी मिलती है तो तत्काल सरायकेला थाना पुलिस को सूचना दें. समय पर सूचना मिलने से पुलिस त्वरित कार्रवाई कर सकेगी.
थाना प्रभारी ने कहा कि त्योहार के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना केवल पुलिस की ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है. लोगों को एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना चाहिए और ऐसी किसी भी गतिविधि से बचना चाहिए, जिससे तनाव या विवाद की स्थिति उत्पन्न हो.
उन्होंने पूजा समितियों और आम नागरिकों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में पुलिस से संपर्क करने की अपील की. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दुर्गा पूजा के दौरान क्षेत्र में लगातार गश्त और निगरानी जारी रहेगी.
प्रमोद सिंह (संपादक)

