सरायकेला: जिले में अवैध खनन और खनिजों के गैरकानूनी भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है. शनिवार को उपायुक्त के निर्देश पर खनन विभाग की टीम ने नीमडीह थाना क्षेत्र के हुरुपाथरडीह गांव में छापेमारी कर लगभग 30 हजार घनफुट (सीएफटी) अवैध रूप से भंडारित बालू जब्त किया. इतनी बड़ी मात्रा में बालू बरामद होने के बाद उसके भंडारण और परिवहन से जुड़े लोगों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं.


जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में खान निरीक्षक ने हुरुपाथरडीह गांव में जांच अभियान चलाया. इस दौरान अवैध रूप से भंडारित करीब 30 हजार सीएफटी बालू पाया गया, जिसे जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए नीमडीह थाना पुलिस को सौंप दिया गया.
अवैध भंडारण और परिवहन पर निगरानी बढ़ाने का निर्देश
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को जिले में अवैध खनन, खनिजों के गैरकानूनी भंडारण और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि खनिज संपदा के अवैध दोहन और कारोबार को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
बालू के स्रोत और भंडारण से जुड़े लोगों की पहचान अहम
हुरुपाथरडीह में इतनी बड़ी मात्रा में बालू की बरामदगी के बाद यह पता लगाना महत्वपूर्ण होगा कि बालू कहां से लाया गया, कितने समय से भंडारित था और इसके पीछे किन लोगों की भूमिका है. हालांकि, प्रशासन की ओर से फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी अथवा प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी नहीं दी गई है.
खनन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. प्रशासन ने आम नागरिकों से अवैध खनिज कारोबार की सूचना संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की है.

