आदित्यपुर: पितृपक्ष के अंतिम दिन महालया के अवसर पर शनिवार को आदित्यपुर के जयप्रकाश उद्यान स्थित खरकाई नदी तट पर सामूहिक तर्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया. सामाजिक संस्था आरती फाउंडेशन और तेजस्विनी महिला संगठन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया. इनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं. आयोजकों के अनुसार आदित्यपुर में इस प्रकार का सामूहिक तर्पण कार्यक्रम पहली बार आयोजित किया गया.


कार्यक्रम में बनारस से पहुंचे पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं से उनके दिवंगत पूर्वजों का तर्पण कराया. श्रद्धालुओं ने खरकाई नदी तट पर जल अर्पित कर पितरों की आत्मा की शांति और मोक्ष की कामना की.
महालया पर तर्पण का विशेष धार्मिक महत्व: एके श्रीवास्तव
आरती फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता ए. के. श्रीवास्तव ने बताया कि हिंदू धार्मिक मान्यताओं में पितृपक्ष के दौरान पूर्वजों के निमित्त तर्पण करने का विशेष महत्व है. उन्होंने कहा कि जिन लोगों को अपने पूर्वजों की मृत्यु तिथि ज्ञात नहीं है, वे महालया अर्थात सर्वपितृ अमावस्या के दिन उनका तर्पण कर सकते हैं.

उन्होंने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार पितृपक्ष में विधिपूर्वक तर्पण करने से पितरों की आत्मा को शांति और मोक्ष की प्राप्ति होती है. इसी उद्देश्य से सामूहिक अनुष्ठान आयोजित किया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें शामिल होकर अपने पूर्वजों के प्रति श्रद्धा व्यक्त कर सकें.
नीतू शर्मा के नेतृत्व में महिलाओं ने निभाई अहम भूमिका
कार्यक्रम को सफल बनाने में वार्ड संख्या 17 की पार्षद एवं तेजस्विनी महिला संगठन की अध्यक्ष नीतू शर्मा ने अपनी पूरी टीम के साथ महत्वपूर्ण सहयोग किया. आयोजन की व्यवस्थाओं से लेकर श्रद्धालुओं की सुविधाओं तक महिला संगठन की सदस्य सक्रिय रहीं.
अनुष्ठान के सफल आयोजन पर तेजस्विनी महिला संगठन की ओर से आरती फाउंडेशन के अध्यक्ष ए. के. श्रीवास्तव को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया. संगठन की सदस्यों ने इस धार्मिक एवं सामाजिक पहल के लिए उनका आभार व्यक्त किया.
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने शारदीय नवरात्र की शुभकामनाएं भी दीं. इस अवसर पर जगदीश नारायण चौबे, पूनम भारती, सीमा शर्मा, सुमन शर्मा, गुड़िया सोनी, पप्पी नाग, कनकलता, अनीमा देवी, डेजी सिंह, रीना शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

