जामताड़ा: त्योहारों के मौसम में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को जामताड़ा जिला अंतर्गत नाला बाजार और आमबगान स्थित विभिन्न मिठाई दुकानों एवं होटलों में खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापेमारी की. जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी पवन कुमार चौधरी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान कई प्रतिष्ठानों में अनियमितताएं सामने आईं. जांच टीम ने दो दुकानों से खाद्य सामग्री के नमूने भी संग्रहित किए. निरीक्षण के दौरान दुकानों में साफ-सफाई की स्थिति, बिक्री बिल, रजिस्टर, पेयजल की जांच रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र और खाद्य पदार्थों की शुद्धता से संबंधित मानकों की जांच की गई। इस दौरान कुछ दुकानों में बिक्री बिल प्रदर्शित नहीं पाए गए. टीम ने संबंधित प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा से जुड़े आवश्यक दस्तावेजों और व्यवस्थाओं की भी पड़ताल की.


कई प्रतिष्ठान जांच के दायरे में
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मोहित स्टोर मिठाई दुकान, मदनलाल, श्याम भंडार, राज होटल और उदय स्वीट सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया. जांच के दौरान दो दुकानों से खाद्य सामग्री के नमूने लेकर परीक्षण के लिए भेजने की प्रक्रिया अपनाई गई. नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी.
नोटिस के बाद होगी कार्रवाई
जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी पवन कुमार चौधरी ने कहा कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी. संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किया जाएगा. उन्होंने दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और नियमानुसार आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध रखने का निर्देश दिया. छापेमारी दल में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी पवन कुमार चौधरी, प्रधान लिपिक अरविंद कुमार, निकिता मोदी, अमित कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल थे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

