चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के चांडिल थाना के ठीक सामने शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान रावतारा गांव निवासी फुलचंद महतो उर्फ डोमन के रूप में हुई है. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी.


जानकारी के अनुसार फुलचंद महतो अपनी पल्सर एनएस बाइक से जा रहे थे. इसी दौरान चांडिल थाना के समीप आगे चल रहे टैंकर के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई. बाइक फिसलने से फुलचंद सड़क पर गिर पड़े और टैंकर के पहिए की चपेट में आ गए. हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं.

अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की ओर दौड़े. सूचना मिलने पर पुलिस भी सक्रिय हुई. स्थानीय लोगों और पुलिस के सहयोग से घायल फुलचंद महतो को चांडिल अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. रावतारा गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई.
पुलिस ने वाहन जब्त कर शुरू की जांच
घटना के बाद चांडिल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. साथ ही दुर्घटना में शामिल वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बाइक किन परिस्थितियों में अनियंत्रित होकर फिसली और हादसे के लिए कौन-से कारण जिम्मेदार रहे. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. चांडिल थाना के सामने हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों के आसपास दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.

