जमशेदपुर: सफाई कर्मियों के वेतन, स्थायी नियुक्ति और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी मांगों को लेकर झारखंड प्रदेश यूथ इंटक कमेटी ने अपर श्रमायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन किया. कमेटी के अध्यक्ष सत्यम सिंह के नेतृत्व में सफाई कर्मियों की समस्याओं को उठाते हुए श्रम विभाग और संबंधित नियोजकों से आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई. इस दौरान कमेटी की ओर से ज्ञापन सौंपकर सफाई कर्मियों को उचित वेतन, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं और सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की गई.


26 नहीं, पूरे 30 दिनों का मिले वेतन
यूथ इंटक के प्रदेश अध्यक्ष सत्यम सिंह ने कहा कि सफाई कर्मी शहर की स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लेकिन उनके वेतन और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं का समाधान जरूरी है.
उन्होंने मांग की कि सफाई कर्मियों को 26 दिनों के आधार पर वेतन देने के बजाय पूरे 30 दिनों का मासिक वेतन सुनिश्चित किया जाए. इसके साथ ही ठेका प्रथा समाप्त कर कर्मियों की सीधी स्थायी नियुक्ति की व्यवस्था लागू की जाए, ताकि उन्हें रोजगार की सुरक्षा मिल सके.
ईएसआई, पीएफ और स्वास्थ्य बीमा की सुविधा देने की मांग
कमेटी ने ज्ञापन के माध्यम से सभी पात्र सफाई कर्मियों को कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई), भविष्य निधि (पीएफ) और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ देने की मांग उठाई. इसके अलावा सफाई कर्मियों के लिए स्वास्थ्य बीमा, समुचित चिकित्सा सुविधा और सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया. यूथ इंटक ने श्रम विभाग से सफाई कर्मियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित नियोजकों के साथ आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है.

