सरायकेला. नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी के प्रयास और नवनिर्वाचित नगर पंचायत बोर्ड की पहल से नगर पंचायत के सफाई मित्रों को बड़ी राहत मिली है. लंबे समय से लंबित दो माह के वेतन का भुगतान सफाई मित्रों के बैंक खातों में कर दिया गया है. वेतन की राशि खाते में पहुंचते ही सफाई मित्रों में खुशी का माहौल देखा गया. उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष और नए बोर्ड के प्रति आभार जताया.


नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने बताया कि वह पिछले तीन दिनों से शहर से बाहर थे. सफाई मित्रों के दो माह के वेतन भुगतान लंबित होने की जानकारी मिलने के बाद गुरुवार को वह नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे. उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर तत्काल भुगतान की प्रक्रिया पूरी कराने का निर्देश दिया. अध्यक्ष ने सफाई मित्रों को भरोसा दिलाया था कि शाम तक उनके खातों में लंबित वेतन की राशि पहुंच जाएगी. इसके बाद दो माह के वेतन का भुगतान कर दिया गया.
अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि नगर पंचायत का नया बोर्ड आम जनता के साथ-साथ नगर पंचायत के अधिकारी, कर्मचारी, अभियंता और सफाई मित्रों के हित एवं सम्मान के प्रति भी जिम्मेदार है. शहर की स्वच्छता और व्यवस्था को बनाए रखने में सफाई मित्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है. इसलिए उन्हें समय पर वेतन मिले और किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े, यह बोर्ड की प्राथमिकता है.
उन्होंने कहा कि वार्ड पार्षद, पदाधिकारी, कर्मचारी, अभियंता और सफाई मित्र नगर पंचायत परिवार का हिस्सा हैं. सभी का उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना और अपने दायित्वों का समय पर एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करना होना चाहिए.
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह आयोजित मजदूर सुरक्षा एवं सम्मान कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष ने सफाई मित्रों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए लंबित वेतन भुगतान सहित अन्य समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया था. अब दो माह का लंबित वेतन भुगतान होने के बाद सफाई मित्रों ने राहत की बात कही है.
नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि काम बोलता है, आरोप-प्रत्यारोप नहीं. उन्होंने कहा कि मजदूरों के हित में किए जा रहे प्रयासों का उद्देश्य सफाई मित्रों के अधिकार, सम्मान और सुरक्षा को सुनिश्चित करना है. उनका कहना है कि नगर पंचायत के प्रत्येक कर्मचारी और सफाई मित्र को उसका हक समय पर मिले और किसी भी कर्मी को वेतन के लिए अनावश्यक परेशानी नहीं उठानी पड़े.
वेतन भुगतान के बाद सफाई मित्रों में संतोष और खुशी का माहौल रहा. सफाई मित्रों ने नगर पंचायत अध्यक्ष और नए बोर्ड के प्रति आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि भविष्य में भी उनके वेतन का भुगतान समय पर किया जाएगा.
प्रमोद सिंह, संपादक

