जामताड़ा: दुर्गापूजा एवं दशहरा के दौरान जामताड़ा और मिहिजाम शहर में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है. पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ और वाहनों के बढ़ते दबाव के बीच शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए संवेदनशील मार्गों को चिह्नित किया गया है. इन मार्गों पर आवश्यकता के अनुसार पुलिस बल की तैनाती के साथ यातायात नियंत्रण की व्यवस्था की जाएगी.


इसी सिलसिले में गुरुवार को अनुमंडल कार्यालय परिसर में एसडीओ अनंत कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई. इसमें दुर्गापूजा के दौरान यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण तथा संवेदनशील मार्गों पर विशेष निगरानी को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. एसडीपीओ वसीम रजा ने बताया कि पूजा के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभागों एवं हितधारकों के साथ समन्वय स्थापित कर तैयारियां की जा रही हैं. अधिक भीड़ और यातायात दबाव वाले रूटों की पहचान कर ली गई है। इन स्थानों पर जरूरत के अनुसार पुलिस बल और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था रहेगी.
कुछ दिनों तक रहेगी नो-एंट्री
पूजा के दौरान शहर में कुछ दिनों के लिए नो-एंट्री व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके लिए मार्ग और समय का निर्धारण किया जा रहा है. प्रशासन की ओर से वाहन चालकों और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों की विशेष गाइडलाइन भी तैयार की जा रही है. इसे जल्द जारी किया जाएगा, ताकि पूजा के दौरान लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं हो.
डांडिया महोत्सव पर भी रहेगी विशेष नजर
बैठक में 11 अक्टूबर को गांधी मैदान में प्रस्तावित डांडिया महोत्सव को लेकर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने पर सहमति बनी. आयोजन स्थल के आसपास यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन को लेकर भी आवश्यक तैयारियां की जाएंगी.बैठक में एसडीपीओ वसीम रजा, नगर कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंडेल, एमवीआई मोहम्मद बरकत अंसारी, सीओ सह बीडीओ अबिश्वर मुर्मू, जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा, मिहिजाम सिटी मैनेजर, चैंबर अध्यक्ष संजय अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद थे. मौके पर सड़क सुरक्षा प्रबंधन के तोसिफ जलीली, एसडीओ कार्यालय के नाजिर मनोज कुमार मुर्मू, कर्मी तापस सरखेल सहित अन्य उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

