जमशेदपुर: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू का जन्मदिन बुधवार को बाराद्वारी स्थित ओल्ड एज होम में सेवा कार्यक्रम के रूप में मनाया गया. भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ताजदार आलम के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बुजुर्गों के बीच नाश्ता वितरित किया गया. जरूरतमंदों के लिए राशन किट भी उपलब्ध कराई गई.


कार्यक्रम के दौरान आदित्य साहू वीडियो कॉल के माध्यम से ओल्ड एज होम में रहने वाले बुजुर्गों से जुड़े. उन्होंने बुजुर्गों का हालचाल जाना और उनसे आशीर्वाद लिया. बुजुर्गों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की.
इस दौरान लेप्रोसी फैमिली के बच्चों के साथ भी खुशियां साझा की गईं. गीता थिएटर के बच्चे भी कार्यक्रम में शामिल हुए और ओल्ड एज होम के बुजुर्गों के साथ समय बिताया.
ताजदार आलम बोले- बुजुर्गों की सेवा और सम्मान समाज की जिम्मेदारी
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ताजदार आलम ने कहा कि जन्मदिन जैसे अवसर समाज के जरूरतमंद एवं बुजुर्ग लोगों के बीच मनाने से खुशी और बढ़ जाती है. बुजुर्गों की सेवा और उनका सम्मान करना समाज की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक मोर्चा आगे भी सामाजिक एवं जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम करता रहेगा.
आदित्य साहू ने वीडियो कॉल के माध्यम से कार्यक्रम के आयोजन के लिए ताजदार आलम सहित मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार जताया.
मौके पर ताजदार आलम, मनजीत सिंह गिल, जोगिंदर सिंह जोगी, रविंद्र सिंह रिंकू, बलवीर सिंह, बबलू, रॉकी सिंह, दाऊद भाई, मुन्ना भाई सहित भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गीता थिएटर के बच्चे मौजूद रहे.

