रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का बुधवार को निधन हो गया. रांची के बरियातू रोड स्थित हिल व्यू अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली. उनके निधन की खबर सामने आने के बाद सोरेन परिवार, झामुमो कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर है.


रूपी सोरेन लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं. सितंबर में उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें हिल व्यू अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इससे पहले उनका हैदराबाद में भी इलाज हुआ था. हाल के दिनों में उनकी सेहत में उतार-चढ़ाव बना हुआ था.
बुधवार को उनकी स्थिति अत्यंत गंभीर हो गई थी और उन्हें जीवनरक्षक प्रणाली पर रखा गया था. स्वास्थ्य की गंभीर स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अस्पताल पहुंचे थे. मुख्यमंत्री के कई कार्यक्रमों के साथ बुधवार की प्रस्तावित कैबिनेट बैठक भी स्थगित कर दी गई थी.
शाम तक चिकित्सकों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रही थी, लेकिन बाद में उनके निधन की खबर सामने आई. रूपी सोरेन करीब 80 वर्ष की थीं.
रूपी सोरेन के निधन से सोरेन परिवार को हाल के समय में एक और बड़ा पारिवारिक आघात लगा है. उनके पति और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का 4 अगस्त 2025 को निधन हुआ था.

