सरायकेला: दुर्गापूजा के दौरान आदित्यपुर- गम्हरिया क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग को लेकर आदित्यपुर- गम्हरिया विकास समिति के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को सरायकेला- खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी से मुलाकात की. समिति के अध्यक्ष सह आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस- प्रशासन और विभिन्न विभागों से संबंधित 11 सूत्री मांगपत्र सौंपा.


उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की अनुपस्थिति में उनके कार्यालय में भी ज्ञापन की एक प्रति रिसीव कराई गई. पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि दुर्गापूजा शुरू होने में अब महज पांच दिन शेष हैं और क्षेत्र के बड़े पूजा पंडालों का निर्माण अंतिम चरण में है. ऐसे में पूजा शुरू होने से पहले सभी संबंधित विभागों को अपनी तैयारियां पूरी कर लेनी चाहिए.
शांति समिति के फैसले कागज से जमीन पर उतरें- पुरेंद्र
पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि थाना से लेकर जिला स्तर तक शांति समिति की बैठकें हो चुकी हैं. अब बैठकों में लिए गए निर्णयों को समय रहते लागू करना जरूरी है. उन्होंने प्रशासन से पूजा से पहले सुरक्षा, यातायात, सफाई, प्रकाश और स्वास्थ्य से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने की मांग की.
समिति ने आदित्यपुर नगर निगम से पूजा शुरू होने से पहले व्यापक सफाई अभियान चलाने, पूजा पंडालों तक जाने वाली खराब सड़कों की मरम्मत कराने तथा पूजा के दौरान प्रतिदिन नियमित सफाई सुनिश्चित करने की मांग की.
बंद स्ट्रीट लाइट और हाई मास्ट को चालू करने की मांग
जेआरडीसीएल और जियाडा से टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग की बंद स्ट्रीट लाइट और हाई मास्ट लाइट को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की गई. पूजा के दौरान बिजली व्यवस्था बाधित होने की स्थिति से निपटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई.
समिति ने कहा कि बड़े पूजा पंडालों में भारी भीड़ पहुंचती है. इसलिए पंडालों में प्रवेश और निकास की अलग-अलग व्यवस्था हो. साथ ही पंडालों के आसपास पार्किंग स्थल और अस्थायी दुकानों के लिए पहले से स्थान चिह्नित किए जाएं, ताकि मुख्य सड़कों पर जाम और अव्यवस्था की स्थिति नहीं बने.
खरकई पुल के पास वॉच टावर, मेडिकल टीम और एंबुलेंस की मांग
समिति ने खरकई पुल के समीप एमपी टावर के पास वॉच टावर स्थापित करने के साथ मेडिकल टीम एवं एंबुलेंस तैनात करने की मांग की. आदित्यपुर और गम्हरिया स्वास्थ्य केंद्रों में पूजा के दौरान 24 घंटे चिकित्सकीय व्यवस्था उपलब्ध रखने का आग्रह भी किया गया.
प्रतिमा विसर्जन को देखते हुए विसर्जन घाट तक पहुंचने वाले मार्ग की मरम्मत, पर्याप्त प्रकाश और हाइड्रा की व्यवस्था करने की मांग रखी गई. भीड़भाड़ वाले प्रमुख पूजा पंडालों के पास अग्निशमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया.
रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग
आदित्यपुर, आरआईटी और गम्हरिया थाना क्षेत्रों में पूजा के दौरान रात्रि पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की गई है. समिति का कहना है कि देर रात तक श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है, इसलिए प्रमुख मार्गों, बाजारों और पूजा पंडालों के आसपास पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जाए.
पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि 11 सूत्री मांगों का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है. उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, जियाडा, जेआरडीसीएल और अन्य संबंधित विभागों से पूजा शुरू होने से पहले आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने की अपील की.
प्रतिनिधिमंडल में पुरेंद्र नारायण सिंह के अलावा उदित यादव, सकला मारडी, ऋषिकांत गुप्ता, राजेश यादव, अवधेश कुमार और सोनू पासवान शामिल थे.

