जामताड़ा: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. आगामी 10 अक्टूबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्प डेस्क कैंप लगाया जाएगा. कैंप के माध्यम से मतदाताओं से संबंधित लंबित मामलों का निष्पादन करने के साथ पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने, त्रुटियों में सुधार और आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन की कार्रवाई की जाएगी.


जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, बीएलओ पर्यवेक्षक, बीएलओ एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को कैंप को प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने का निर्देश दिया है.
बीएलओ-बीएलए की चौथी बैठक और चुनाव पाठशाला भी
10 अक्टूबर को प्रत्येक मतदान केंद्र पर बीएलओ एवं बीएलए-2 की चौथी बैठक के साथ चौथे चुनाव पाठशाला का भी आयोजन किया जाएगा. एसआईआर के दौरान नो-मैपिंग अथवा एनोमली के कारण नोटिस प्राप्त करने वाले पात्र भारतीय मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने और सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने में मार्गदर्शन दिया जाएगा.
युवाओं और प्रवासी मतदाताओं पर भी रहेगा फोकस
कैंप में ऐसे मतदाताओं की अलग सूची तैयार की जाएगी, जिनके नाम, जन्मस्थान अथवा माता-पिता के भारत में जन्मस्थान से संबंधित आवश्यक जानकारी या दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं. वहीं 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे युवाओं को भी चिन्हित किया जाएगा, जो अब तक मतदाता के रूप में पंजीकृत नहीं हुए हैं अथवा जिन्होंने प्रपत्र-6 जमा नहीं किया है. ऐसे युवाओं से प्रपत्र-6 भरवाने की कार्रवाई की जाएगी.इसके अलावा एसआईआर-2026 की ड्राफ्ट मतदाता सूची में नाम शामिल नहीं हो सके ऐसे प्रवासी मतदाताओं को भी चिन्हित किया जाएगा. वहीं मतदाता सूची में त्रुटियों के कारण नोटिस प्राप्त करने वाले और अब तक प्रपत्र-8 जमा नहीं करने वाले मतदाताओं से प्रपत्र-8 प्राप्त कर आवश्यक सुधार की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
पात्र मतदाता मताधिकार से वंचित न रहें : उपायुक्त
उपायुक्त आलोक कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि मेगा हेल्प डेस्क कैंप में प्राप्त आवेदनों और चिन्हित मतदाताओं के मामलों का विधानसभा क्षेत्रवार एवं मतदान केंद्रवार रिकॉर्ड तैयार कर नियमित अनुश्रवण किया जाए. उन्होंने अभियान के सभी बिंदुओं का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने तथा पात्र मतदाताओं को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा.
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि एसआईआर की प्रक्रिया के दौरान कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे. साथ ही मतदाता सूची को सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जाए.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

