सरायकेला: दुर्गापूजा के दौरान शांति, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर सरायकेला पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं. सरायकेला थाना परिसर में थाना प्रभारी विनय कुमार की अध्यक्षता में आयोजित शांति समिति की बैठक में पूजा समितियों को सुरक्षा से जुड़े दिशा-निर्देश दिए गए. पुलिस ने स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान हुड़दंग या शांति व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.


थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि सीनी और सरायकेला क्षेत्र को मिलाकर कुल 10 लाइसेंसी और 5 गैर-लाइसेंसी पूजा पंडालों का आयोजन किया जा रहा है. सभी पूजा समितियों को लाइसेंस की प्रति थाना में जमा करने को कहा गया है.
पंडालों के अंदर-बाहर CCTV, अग्नि सुरक्षा के भी इंतजाम
पुलिस ने पूजा समितियों को पंडाल के अंदर और बाहर CCTV कैमरे लगाने का निर्देश दिया है. आग लगने जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए बालू से भरी बाल्टियां रखने और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया है.
DJ को लेकर भी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है. पूजा समितियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप कम आवाज में DJ बजाने तथा ध्वनि प्रदूषण से बचने का निर्देश दिया गया. पुलिस ने कहा कि उत्सव के कारण बुजुर्गों, बच्चों, मरीजों या आम लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए.
सादे लिबास में भी तैनात रहेगी पुलिस
पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल की तैनाती के साथ नियमित गश्त की जाएगी. सादे लिबास में महिला पुलिसकर्मी और जवान भी निगरानी रखेंगे. पूजा समितियों को पर्याप्त संख्या में वॉलिंटियर तैनात कर भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने को कहा गया है.
प्रतिमा विसर्जन निर्धारित समय सीमा के भीतर करने और विसर्जन जुलूस के दौरान यातायात एवं भीड़ प्रबंधन के लिए पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया गया.
दुगनी और कोलाबीरा में आयोजित होने वाले रावण दहन कार्यक्रम को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है. आयोजकों को भीड़ नियंत्रण और अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रखने के निर्देश दिए गए.
थाना प्रभारी विनय कुमार ने कहा कि दुर्गापूजा आस्था और श्रद्धा का पर्व है. किसी को पूजा के नाम पर कानून हाथ में लेने या माहौल खराब करने की अनुमति नहीं दी जाएगी. कहीं भी संदिग्ध गतिविधि या परेशानी दिखाई देने पर तत्काल सरायकेला थाना को सूचना देने की अपील की गई है.
सरायकेला सर्किल इंस्पेक्टर राजेश टुडू ने पूजा समितियों से पुलिस-प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने में पुलिस के साथ समाज और पूजा समितियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है.
बैठक में सर्किल इंस्पेक्टर राजेश टुडू, थाना प्रभारी विनय कुमार सहित शांति समिति के सदस्य और विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे.
प्रमोद सिंह (संपादक)

