जमशेदपुर: सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है. मंगलवार को बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के स्टार टॉकीज के समीप आशीर्वाद होटल के पीछे प्रशासन ने अभियान चलाकर करीब 17 दुकानों को हटाया. अनुमंडल प्रशासन के निर्देश पर दंडाधिकारी की मौजूदगी और पुलिस बल के सहयोग से पूरी कार्रवाई की गई.


बताया गया कि संबंधित जमीन पर अतिक्रमण को लेकर टाटा स्टील की ओर से प्रशासन को आवेदन दिया गया था. इसके बाद संबंधित अतिक्रमणवाद में पारित आदेश के आधार पर अतिक्रमणकारियों को पूर्व में नोटिस जारी कर कब्जा हटाने का निर्देश दिया गया था. निर्धारित अवधि में अतिक्रमण नहीं हटाए जाने के बाद प्रशासनिक टीम मंगलवार को मौके पर पहुंची.
दंडाधिकारी, राजस्व विभाग के अधिकारियों और पुलिस बल की मौजूदगी में चिह्नित क्षेत्र में बनी दुकानों और अस्थायी निर्माण को हटाया गया. इस दौरान करीब 17 दुकानों को हटाकर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया. किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात रहा.
नियुक्त दंडाधिकारी के अनुसार टाटा स्टील की ओर से दिए गए आवेदन और अनुमंडल प्रशासन के आदेश के आलोक में कार्रवाई की गई है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
इधर, प्रशासन की ओर से जारी सूची के अनुसार साकची थाना क्षेत्र में भी विभिन्न अतिक्रमणवादों में पारित आदेश के आधार पर सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई निर्धारित की गई है. संबंधित राजस्व अधिकारियों को मौके पर मौजूद रहकर दंडाधिकारी को आवश्यक सहयोग देने का निर्देश दिया गया है.

