देवघर: अपराधियों ने देर रात एसबीआई के एटीएम को ही निशाना बना लिया. शिवधाम होटल के समीप स्थित एटीएम को करीब आठ से दस अज्ञात अपराधी उखाड़कर पिकअप वैन में लादकर फरार हो गए. घटना मंगलवार तड़के करीब तीन बजे की बतायी जा रही है. जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने एटीएम के मुख्य शटर को सांबलनुमा नुकीले औजार से उखाड़ दिया. इसके बाद पूरी मशीन को बाहर निकालकर पिकअप वैन में लादा और नंदन पहाड़ पंप हाउस की ओर जाने वाले रास्ते से फरार हो गए. वारदात को अंजाम देने के दौरान अपराधियों की संख्या आठ से दस बतायी जा रही है. घटना की सूचना मिलने के बाद देवघर पुलिस सुबह करीब पांच बजे मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने आसपास के लोगों से जानकारी जुटाने के साथ ही अपराधियों के भागने वाले रास्ते की भी जांच शुरू कर दी है.


सीसीटीवी की कमी बनी चुनौती
घटना के बाद जांच में सबसे बड़ी चुनौती अपराधियों के भागने वाले रास्ते पर सीसीटीवी कैमरों की कमी को लेकर सामने आ रही है. नंदन पहाड़ पंप हाउस की ओर जाने वाले मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे बेहद कम होने की बात सामने आयी है.ऐसे में पुलिस आसपास के प्रतिष्ठानों और प्रमुख मार्गों पर लगे कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि पिकअप वैन और अपराधियों की गतिविधियों का सुराग मिल सके. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. एटीएम में कितनी राशि मौजूद थी और अपराधी मशीन से नकदी निकालने में सफल हुए या नहीं, इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

