जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, नशाखोरी और अड्डेबाजी पर अंकुश लगाने को लेकर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है. थाना प्रभारी राजेंद्र मुंडा के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार क्षेत्र के अलग- अलग इलाकों में गश्त और जांच अभियान चला रही है. खासकर संवेदनशील स्थानों, चौक- चौराहों और उन इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है, जहां अक्सर असामाजिक तत्वों के जमावड़े अथवा अड्डेबाजी की शिकायतें सामने आती रही हैं.


पुलिस का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शांति और कानून- व्यवस्था बनाए रखने के साथ आपराधिक गतिविधियों पर समय रहते अंकुश लगाना है. अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर लोगों से पूछताछ भी की जा रही है. इसके अलावा नशे के अवैध कारोबार और नशाखोरी से जुड़े मामलों को भी पुलिस गंभीरता से ले रही है.
परसुडीह थाना प्रभारी राजेंद्र मुंडा ने बताया कि अपराध नियंत्रण, नशाखोरी और अड्डेबाजी को लेकर थाना क्षेत्र में लगातार अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस टीम विभिन्न इलाकों में नियमित रूप से गश्त कर रही है और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है. अपराध और असामाजिक गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बढ़ावा नहीं दिया जाएगा. सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी, नशाखोरी या ऐसी किसी गतिविधि से आम लोगों को परेशानी होती है तो पुलिस उस पर सख्ती से कार्रवाई करेगी.
थाना प्रभारी ने यह भी स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल कुछ दिनों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आगे भी निरंतर जारी रहेगा. पुलिस ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है. लोगों से कहा गया है कि यदि किसी इलाके में नशे की बिक्री, संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधि, अड्डेबाजी या किसी अन्य प्रकार की आपराधिक सूचना मिलती है तो तत्काल पुलिस को जानकारी दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके. पुलिस की लगातार बढ़ी सक्रियता से क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है.

