पुरुलिया: अवैध बालू परिवहन के खिलाफ बलरामपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया है. सोमवार 05 अक्टूबर की सुबह करीब 9:45 बजे मोबाइल पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने पाथरबांध CRPF कैंप के पास ट्रैक्टर को पकड़ा.


प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ट्रैक्टर पइनबाद नदी से बालू लेकर बलरामपुर की ओर आ रहा था. ट्रैक्टर पर रजिस्ट्रेशन नंबर भी अंकित नहीं था. उसमें करीब 100 CFT बालू लदा पाया गया.
पुलिस ने चालक से बालू के परिवहन से संबंधित वैध कागजात और चालान की मांग की, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. इसके बाद पुलिस ने बालू समेत ट्रैक्टर को जब्त कर लिया.
बलरामपुर थाना पुलिस ने मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस की इस कार्रवाई से बिना वैध कागजात बालू के परिवहन में लगे लोगों के बीच हड़कंप है.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर

