बोकारो: जिले के ललपनिया थाना पुलिस ने बाइक चोरी के एक गिरोह का खुलासा किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी Zomato डिलीवरी की आड़ में मोटरसाइकिल चोरी की वारदात को अंजाम देते थे. पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनकी निशानदेही पर चोरी की तीन मोटरसाइकिल और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया है.


पुलिस के मुताबिक, आरोपी वाहन चेकिंग से बचने के लिए डिलीवरी बैग का इस्तेमाल करते थे. चोरी की वारदात के दौरान कपड़ों के ऊपर अलग-अलग रंग के कपड़े पहनकर CCTV कैमरों और लोगों की नजर से बचने की कोशिश करते थे.
वारदात के बाद कुछ दूरी पर जाकर कपड़े बदलकर अपना हुलिया भी बदल लेते थे.
देर रात चेकिंग के दौरान पुलिस ने दबोचा
पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर की देर रात करीब ढाई बजे अंबेडकर चौक के पास चेकिंग अभियान चल रहा था. इसी दौरान रामगढ़-जगेश्वर विहार मुख्य मार्ग की ओर से दो मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए.
पुलिस पेट्रोलिंग वाहन को देखते ही दोनों युवकों ने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया. पुलिस ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया. मोटरसाइकिल के कागजात मांगने पर दोनों कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके.
पूछताछ के दौरान पुलिस को बाइक चोरी की जानकारी मिली. इसके बाद दोनों से पूछताछ के आधार पर फुसरो के ढोरी धौड़ा इलाके में छिपाकर रखी गई एक और चोरी की मोटरसाइकिल का भी पता चला.
Zomato डिलीवरी की आड़ में करते थे वारदात
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार दोनों आरोपी Zomato में काम करते थे और देर रात डिलीवरी के लिए निकलते थे. इसी दौरान वे पुलिस की वाहन चेकिंग और डिलीवरी कर्मचारी होने का फायदा उठाकर संदिग्ध गतिविधियों से बचने की कोशिश करते थे.
पुलिस का कहना है कि आरोपियों द्वारा कपड़े बदलकर हुलिया बदलने की रणनीति का इस्तेमाल पहचान छिपाने के लिए किया जाता था. गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कुल तीन मोटरसाइकिल बरामद की हैं.
तीन बाइक और मोबाइल बरामद
पुलिस के अनुसार बरामद मोटरसाइकिलों में शामिल हैं.
लाल-काले रंग की Honda SP
Shine, नंबर JH-09AP-2365.
सिल्वर रंग की Hero i-Smart,
नंबर JH-09AJ-0345.
लाल-काले रंग की बिना नंबर की Hero Splendor.
इसके अलावा पुलिस ने एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया है.
दो आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 27 वर्षीय आकाश कुमार साव उर्फ प्रभास, निवासी घटयारी नीचे टोला, चंद्रपुरा और 19 वर्षीय रितेश कुमार राम, निवासी करगली बाजार, बेरमो के रूप में हुई है.
पुलिस अब बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में आगे की जांच कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं और आरोपियों ने अब तक कितनी बाइक चोरी की हैं.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

