जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने जवाहर नगर रोड नंबर-15 स्थित पानी टंकी के पास छापेमारी कर 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार उसके पास से ब्राउन शुगर जैसी मादक पदार्थ की 71 पुड़िया बरामद हुई हैं. पुड़िया सहित इनका कुल वजन 10.46 ग्राम बताया गया है.


पुलिस के मुताबिक 3 अक्टूबर की रात गुप्त सूचना पर छापेमारी की गई. पुलिस को देखकर संदिग्ध युवक भागने लगा. जिसे पीछा कर पकड़ लिया गया. उसकी पहचान जवाहर नगर रोड नंबर-9 निवासी समशाद खान के रूप में हुई. तलाशी के दौरान 71 पुड़िया और 200 रुपये नकद जब्त किए गए.
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी से मिले इनपुट के आधार पर इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2022 में भी मानगो थाना में एक आपराधिक मामला दर्ज है. पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

