सरायकेला: सरायकेला-कालाडुंगरी मार्ग पर रविवार शाम रामनगर गांव के समीप एक खतरनाक मोड़ पर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बाइक पर सवार एक महिला को हल्की चोट आई. वहीं, महिला के साथ बाइक पर सवार आठ वर्षीय बच्चा बाल-बाल बच गया और उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई.


मिली जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब पांच बजे गहनाडीह गांव निवासी विपिन महतो (32) अपनी पत्नी और आठ वर्षीय बेटे के साथ बाइक से विजय गांव जा रहे थे. इसी दौरान विपरीत दिशा से हिदीबिली गांव निवासी भगवान सुंडी (36) बाइक से गम्हरिया की ओर जा रहे थे. रामनगर गांव के समीप मोड़ पर दोनों बाइकों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. विपिन महतो के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि भगवान सुंडी के चेहरे और सिर पर चोट लगी है. हादसे में विपिन महतो की पत्नी को भी हल्की चोट आई. वहीं, उनका आठ वर्षीय बेटा सुरक्षित बच गया.
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना सरायकेला थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों गंभीर घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया.
सरायकेला सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया. विपिन महतो की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया. वहीं, भगवान सुंडी का इलाज सरायकेला सदर अस्पताल में जारी है. हादसे में घायल महिला का भी उपचार कराया गया.
सरायकेला जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है. दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान कर वहां आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की जरूरत है. खासकर खतरनाक मोड़ों पर संकेतक, गति नियंत्रण, पर्याप्त रोशनी और निगरानी की व्यवस्था हादसों को रोकने में मददगार हो सकती है.
दोपहिया वाहनों पर यातायात नियमों के पालन को लेकर कार्रवाई जरूरी है, लेकिन इसके साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए व्यापक स्तर पर ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है. रामनगर के समीप हुई यह दुर्घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर प्रभावी व्यवस्था की जरूरत को सामने लाती है.
प्रमोद सिंह, संपादक

