कुचाई: प्रखंड के तिलोपदा पंचायत अंतर्गत दुखियाडीह फुटबॉल मैदान में सागुन सारना क्लब के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का शनिवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ. प्रतियोगिता में विभिन्न गांवों और क्षेत्रों से पहुंची टीमों ने अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया. फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए बिराज एफसी ने खिताब पर कब्जा जमाया.


समापन समारोह में खरसावां विधायक दशरथ गागराई मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया. इसके बाद विजेता, उपविजेता एवं अन्य स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया.
ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने की जरूरत- दशरथ गागराई
विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. जरूरत उन्हें उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराने की है. उन्होंने कहा कि फुटबॉल झारखंड में बेहद लोकप्रिय खेल है और ग्रामीण क्षेत्रों के युवा लगातार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं.

उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का संदेश देती हैं. खेल युवाओं को नशे से दूर रखकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने का भी सशक्त माध्यम है. विधायक ने खिलाड़ियों से जीत-हार से ऊपर उठकर खेल भावना के साथ आगे बढ़ने की अपील की. उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत और लगन ही सफलता की कुंजी है. प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए उन्होंने सागुन सारना क्लब के पदाधिकारियों और ग्रामीणों की सराहना की.
बिराज एफसी विजेता, ब्लैक सुटर उपविजेता
प्रतियोगिता में विजेता बिराज एफसी को खस्सी एवं 1200 रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. उपविजेता ब्लैक सुटर को खस्सी एवं 1000 रुपये, तीसरे स्थान पर रहे जोरोन एफसी को खस्सी एवं 600 रुपये तथा चौथे स्थान पर रहे झारखंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन को खस्सी एवं 400 रुपये नकद पुरस्कार दिया गया. पांचवें से आठवें स्थान तक रही टीमों को भी खस्सी एवं निर्धारित राशि देकर सम्मानित किया गया.

मौके पर विधायक दशरथ गागराई, विधायक प्रतिनिधि धर्मेंद्र कुमार मुंडा, वनाधिकार विधायक प्रतिनिधि भरत सिंह मुंडा, सचिव मुन्ना सोय, मुखिया राम सोय, सलाहकार मंगल हांसदा, मांगीलाल सुमबरूई, मोहनलाल हांसदा, निर्दोष हांसदा, संतोष हांसदा, उमेश सोय, प्यारेलाल सोय, सुरेश हांसदा, आदर्श हांसदा, सोमा सोय, तुरी हांसदा, सुखराम हांसदा, गुलाब हांसदा, गणेश सोय और अजीत पान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेल प्रेमी उपस्थित थे.

