चाईबासा: झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के तत्वावधान में आसानतलिया आजीविका महिला संकुल संगठन स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड की वार्षिक आमसभा बेगुना गांव में आयोजित की गई. कार्यक्रम में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं. संकुल की सदस्यों ने पारंपरिक तरीके से सांसद का स्वागत किया. इसके बाद सांसद जोबा माझी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया.


वार्षिक आमसभा में संकुल की सदस्यों ने समिति के आय-व्यय का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया. इसके साथ ही आगामी कार्ययोजनाओं और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी साझा की गई. इस दौरान महिलाओं ने सामाजिक कुरीतियों और बुराइयों के खिलाफ जागरूकता फैलाने वाला नाटक भी प्रस्तुत किया. नाटक के माध्यम से नशापान, अंधविश्वास और अन्य सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने का संदेश दिया गया.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी ने कहा कि महिलाएं स्वरोजगार और आजीविका के विभिन्न साधनों से जुड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें. उन्होंने कहा कि जब महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होंगी, तो परिवार और समाज भी मजबूत होगा. उन्होंने महिलाओं से एक-दूसरे का सहयोग करने और समूह के माध्यम से आगे बढ़ने का आह्वान किया.
सांसद ने कहा कि गांवों में नशामुक्ति के लिए सामूहिक अभियान चलाने की जरूरत है. युवा पीढ़ी को नशे से बचाने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है. उन्होंने अंधविश्वास से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि बीमारी या सर्पदंश जैसी स्थिति में झाड़-फूंक के चक्कर में समय गंवाने के बजाय तत्काल चिकित्सक या अस्पताल की मदद लेनी चाहिए. उन्होंने कहा कि जागरूकता और आपसी सहयोग से ही स्वस्थ और मजबूत समाज का निर्माण संभव है.
कार्यक्रम का संचालन सुनीता टोपनो ने किया. मौके पर जिला परिषद सदस्य सुहागी मुर्मू, आसानतलिया पंचायत की मुखिया सुप्रिया बोदरा, देवांवीर की मुखिया ज्योति सोय, पंसस जानकी चाकी, बीपीएम गोल्डन शशि कैप्टन, बीओआई गोविंदपुर के शाखा प्रबंधक सचिन मुंडारी, पुनीपदा के ग्राम मुंडा शंकर लाल प्रधान, राजेश प्रधान, किशोर दास, समिति की कैडर सावित्री प्रधान, संगीता जामुदा, दुर्गावती खंडाईत, जेमा खंडाईत, सुजीता खंडाईत, मांदुई जामुदा, राजेश कुजूर, बसंती कोड़ा, रेजा देवी, संयुक्ता नायक, मंजूलता महतो, अमरजीत महतो समेत बड़ी संख्या में संकुल की महिलाएं उपस्थित थीं.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक

