सरायकेला: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 1 से 35 तक मतदाता सूची से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए हेल्प डेस्क कैंप लगाया जाएगा. कैंप में मतदाता सूची में व्याप्त त्रुटियों के निराकरण के साथ प्राप्त प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन भी किया जाएगा. इस संबंध में सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अंचल अधिकारी, गम्हरिया की ओर से कार्यालय आदेश जारी किया गया है.


जारी आदेश के अनुसार निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सरायकेला- खरसावां के निर्देश के आलोक में आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में हेल्प डेस्क कैंप लगाने का निर्णय लिया गया है. नगर निगम के वार्ड संख्या 1 से 35 तक कैंप आयोजित कर मतदाता सूची में व्याप्त त्रुटियों के निराकरण के लिए आवश्यक प्रपत्र प्राप्त किए जाएंगे. प्राप्त प्रपत्रों को डिजिटाइज भी किया जाएगा.
तीन कर्मियों की हुई प्रतिनियुक्ति
हेल्प डेस्क कैंप में प्राप्त प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन के लिए तीन कर्मियों को प्रतिनियुक्त किया गया है. इनमें संजय कुमार, सहायक शिक्षक, मध्य विद्यालय डुमरा, सुरेन्द्र कुमार सिंह तथा विकास साहेब, सहायक अध्यापक शामिल हैं. इन्हें कैंप से प्राप्त प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है.
2 अक्टूबर को जारी आदेश की प्रतिलिपि आदित्यपुर नगर निगम के सभी बीएलओ एवं बीएलओ पर्यवेक्षकों को सूचना एवं अनुपालन के लिए भेजी गई है. इसके साथ ही नगर निगम के वार्ड संख्या 1 से 35 तक के सभी वार्ड पार्षदों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में कैंप का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि मतदाता इसकी जानकारी प्राप्त कर इसका लाभ उठा सकें.
आदेश की प्रतिलिपि प्रखंड विकास पदाधिकारी गम्हरिया, उप निर्वाचन पदाधिकारी सरायकेला, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला तथा जिला निर्वाचन पदाधिकारी- सह- उपायुक्त सरायकेला- खरसावां को भी भेजी गई है.

