कांड्रा: झारखंड राज्य वन विकास निगम लिमिटेड की ओर से कांड्रा क्षेत्र में शवदाह के लिए निःशुल्क जलावन उपलब्ध कराने की सूचना जारी की गई है. कांड्रा स्थित वन विभाग के परिसर में लगाए गए सूचना बोर्ड के माध्यम से आम लोगों को इसकी जानकारी दी गई है.


सूचना के अनुसार, माननीय सांसद, विधायक अथवा मुखिया की अनुशंसा पर शवदाह के लिए दो धन मीटर जलावन निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा. इसके लिए संबंधित लाभुक को निर्धारित प्रक्रिया के तहत अनुशंसा प्रस्तुत करनी होगी.
सूचना बोर्ड पर झारखंड राज्य वन विकास निगम लिमिटेड, लघु वनोपज परियोजना प्रमंडल धालभूम प्रक्षेत्र-मानगो तथा स्थान प्रकाष्ठ वनागार, कांड्रा का उल्लेख किया गया है. निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर भी इसके कार्यालयों और संपर्क संबंधी जानकारी उपलब्ध है.
इस पहल से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को किसी परिजन के अंतिम संस्कार के समय जलावन की व्यवस्था में राहत मिलने की उम्मीद है. स्थानीय लोगों ने ऐसी सुविधा की जानकारी सार्वजनिक किए जाने को उपयोगी बताया है.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

