जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर अपराधकर्मी अनुप चक्रवर्ती उर्फ अनुप बंगाली को देसी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ जमशेदपुर के विभिन्न थानों के अलावा रेलवे और पश्चिम बंगाल में भी कई मामले दर्ज रहे हैं. शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सिटी एसपी ललित मीना ने पूरे मामले की जानकारी दी.


सिटी एसपी के अनुसार 1 अक्टूबर की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि बागबेड़ा थाना क्षेत्र के बागबेड़ा मैदान में अनुप चक्रवर्ती अपने सहयोगियों के साथ किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है. सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए पुलिस उपाधीक्षक विधि-व्यवस्था के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया.
पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की. इस दौरान अनुप चक्रवर्ती को पकड़ लिया गया. तलाशी लेने पर उसके पास से एक लोहे का देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में अनुप चक्रवर्ती के खिलाफ कुल 17 पुराने मामलों का उल्लेख किया गया है. इनमें बागबेड़ा थाना के कई मामलों के साथ बिष्टुपुर, जुगसलाई, साकची, बर्मामाइंस, चाकुलिया और परसुडीह थाना के अलावा रेलवे से जुड़े मामले भी शामिल हैं. उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज रहे हैं.
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अनुप चक्रवर्ती उर्फ अनुप बंगाली की उम्र करीब 42 वर्ष है. पुलिस ने उसका वर्तमान पता पश्चिम बंगाल के फुलिया थाना क्षेत्र का बताया है. छापेमारी टीम में पुलिस उपाधीक्षक विधि-व्यवस्था सुमित कुमार, बागबेड़ा थाना प्रभारी उमेश ठाकुर, पुलिस पदाधिकारी अरुण कुमार, जेवियर होरो समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.

