जामताड़ा: राष्ट्रीय बाउरी संघर्ष मोर्चा, झारखंड के तत्वावधान में 4 अक्टूबर 2026, रविवार को जामताड़ा के बैना मैदान (डंगाल) में राज्य स्तरीय बाउरी जाति महासम्मेलन का आयोजन किया जाएगा. सम्मेलन सुबह 10 बजे से शुरू होगा. कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं. शुक्रवार को आयोजन समिति की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर महासम्मेलन की जानकारी दी गई.


मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष रंजीत बाउरी ने बताया कि जामताड़ा में पहली बार राज्य स्तरीय बाउरी जाति महासम्मेलन आयोजित किया जा रहा है. सम्मेलन का उद्देश्य बाउरी समाज को एकजुट करने के साथ शिक्षा, अधिकार, रोजगार और सामाजिक सम्मान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है. उन्होंने कहा कि महासम्मेलन का मूल मंत्र एकता, जागरूकता, शिक्षा, अधिकार और सम्मान है.
उन्होंने बताया कि महासम्मेलन समाज के गौरव और चुआड़ विद्रोह के नायक शहीद सरदार गोवर्धन दीकपति बाउरी के विचारों से प्रेरित है. सम्मेलन में बाउरी समाज के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी. समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने, बच्चों की शिक्षा को बढ़ावा देने, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा महिलाओं की सामाजिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा.
केंद्रीय अध्यक्ष रंजीत बाउरी ने कहा कि बाउरी समाज लंबे समय से शिक्षा के अभाव, रोजगार के सीमित अवसर और विभिन्न सामाजिक चुनौतियों का सामना करता रहा है. इन समस्याओं के समाधान के लिए समाज के लोगों को संगठित होकर सामूहिक प्रयास करने की जरूरत है. उन्होंने संथाल परगना सहित पूरे झारखंड के बाउरी समाज के लोगों से महासम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की.
वहीं, नगर पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि सुनील बाउरी ने भी समाज के लोगों से महासम्मेलन में बड़ी संख्या में पहुंचने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि समाज के विकास और आने वाली पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए सभी वर्गों की सहभागिता जरूरी है.
आयोजक मंडल के अनुसार महासम्मेलन में झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों से बाउरी समाज के प्रबुद्ध नागरिक, युवा, महिलाएं और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल होंगे. सम्मेलन के माध्यम से शिक्षा, रोजगार, अधिकार और सामाजिक सम्मान जैसे मुद्दों पर समाज को एकजुट करने का प्रयास किया जाएगा. महासम्मेलन को सफल बनाने के लिए गौतम बाउरी, गौर बाउरी, श्यामल बाउरी, दयाल बाउरी और मनोज बाउरी समेत आयोजन समिति के सदस्य जुटे हुए हैं.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

