जामताड़ा: दुर्गापूजा, दीपावली और छठ पर्व के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कोलकाता- प्रतापनगर के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है. इस स्पेशल ट्रेन का ठहराव चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह में भी होगा. चित्तरंजन में ठहराव मिलने से जामताड़ा और आसपास के यात्रियों को पर्व के दौरान अतिरिक्त रेल सेवा का लाभ मिलेगा.


रेलवे की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 03109 कोलकाता- प्रतापनगर स्पेशल प्रत्येक मंगलवार को 13 अक्टूबर से 24 नवंबर 2026 तक चलेगी. इस अवधि में ट्रेन कुल सात फेरे लगाएगी. कोलकाता से ट्रेन सुबह 8 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 11:40 बजे प्रतापनगर पहुंचेगी.
वापसी में 03110 प्रतापनगर- कोलकाता स्पेशल प्रत्येक गुरुवार को 15 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक चलेगी. यह ट्रेन भी सात फेरे लगाएगी. प्रतापनगर से शाम 4:15 बजे रवाना होकर तीसरे दिन दोपहर 12:05 बजे कोलकाता पहुंचेगी.
चित्तरंजन में ठहराव से जामताड़ा के यात्रियों को फायदा
पूजा स्पेशल ट्रेन का चित्तरंजन स्टेशन पर ठहराव जामताड़ा जिले के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण होगा. जामताड़ा और आसपास के क्षेत्रों से पर्व के दौरान बड़ी संख्या में लोग कोलकाता सहित विभिन्न शहरों की यात्रा करते हैं. अतिरिक्त ट्रेन मिलने से यात्रियों को नियमित ट्रेनों के अलावा एक और विकल्प उपलब्ध होगा.
दोनों दिशाओं में ट्रेन दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर रुकेगी. ट्रेन में सामान्य द्वितीय श्रेणी, शयनयान और वातानुकूलित श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे.
दुर्गापूजा, दीपावली और छठ के दौरान यात्रियों की बढ़ती आवाजाही के बीच इस पूजा स्पेशल के संचालन से जामताड़ा- चित्तरंजन क्षेत्र के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में अतिरिक्त सुविधा मिलने की उम्मीद है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

