जामताड़ा: भारत ज्ञान विज्ञान समिति, जामताड़ा का एक दिवसीय जिला सम्मेलन गुरुवार को संत एंथोनी स्कूल में आयोजित हुआ. सम्मेलन की अध्यक्षता डॉ. कांचन गोपाल मंडल ने की. इस दौरान वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तर्कशीलता और जनजागरूकता को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया.


सम्मेलन को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. काशी नाथ चटर्जी ने कहा कि समाज में सवाल पूछने, तथ्यों को समझने और वैज्ञानिक सोच विकसित करने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण के माध्यम से लोगों में जागरूकता बढ़ाने और समाज को तर्कशील बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किया जाना चाहिए.
जिला सचिव डॉ. दुर्गादास भंडारी ने समिति की गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया. सम्मेलन के दौरान 17 सदस्यीय नई जिला समिति का गठन किया गया. इसमें डॉ. कांचन गोपाल मंडल को अध्यक्ष, डॉ. डी.डी. भंडारी को सचिव, नवारुण मल्लिक को उपाध्यक्ष, तपन माजी को सह-सचिव, प्रतिमा घोष को कोषाध्यक्ष तथा काजल रायचौधरी को मीडिया प्रभारी चुना गया.
मौके पर डॉ. मदन सरकार, डॉ. चंचल भंडारी, रवि सिंह, चंचल राय सहित बड़ी संख्या में प्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे. सम्मेलन का समापन राष्ट्रीय गान के साथ हुआ.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

