आसनसोल: महज 10 रुपये के पार्किंग शुल्क को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने गुरुवार को आसनसोल के बस्तिन बाजार के पास हिंसक रूप ले लिया. नगर निगम की 84 नंबर पार्किंग में स्कूटी सवार और पार्किंग कर्मचारियों के बीच जमकर मारपीट हुई. विवाद के दौरान बीच-बचाव करने वाली एक महिला और पास बैठे एक भिखारी के भी चोटिल होने की बात सामने आई है.


घटना के बाद पार्किंग क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई.
₹10 मांगे और शुरू हो गया विवाद
बताया जाता है कि एक व्यक्ति स्कूटी पार्किंग में खड़ी कर बाजार गया था. वापस लौटने पर पार्किंग कर्मचारी ने उससे निर्धारित 10 रुपये शुल्क मांगा. पार्किंग कर्मचारी का आरोप है कि स्कूटी सवार ने शुल्क देने से इनकार करते हुए उसके साथ दुर्व्यवहार किया. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई और कुछ ही देर में मामला हाथापाई तक पहुंच गया. वहीं विवाद बढ़ने के बाद पार्किंग में मौजूद अन्य कर्मचारी भी इसमें शामिल हो गए और स्कूटी सवार के साथ मारपीट होने लगी.
बीच-बचाव करने पहुंची महिला भी आई चपेट में
स्कूटी सवार के साथ मौजूद महिला ने दोनों पक्षों को अलग करने की कोशिश की. बताया जा रहा है कि इसी दौरान उसे भी चोट लगी. मारपीट की चपेट में वहां बैठा एक भिखारी भी आ गया और उसके भी घायल होने की बात कही जा रही है. हंगामा बढ़ता देख आसपास के लोग पहुंचे और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति संभालने का प्रयास किया.
दोनों पक्ष पहुंचे थाने, पुलिस कर रही पूछताछ
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और विवाद में शामिल दोनों पक्षों को थाने ले गई. पुलिस उनसे घटना के संबंध में जानकारी ले रही है. महज 10 रुपये के पार्किंग शुल्क को लेकर शुरू हुआ विवाद आखिर किस परिस्थिति में मारपीट तक पहुंचा, इसकी पूरी तस्वीर पुलिस की जांच और दोनों पक्षों की शिकायत सामने आने के बाद स्पष्ट होगी.
Video

