सरायकेला: दुर्गापूजा के मद्देनजर सरायकेला- खरसावां जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ उत्पाद विभाग ने अभियान तेज कर दिया है. इसी क्रम में चांडिल, नीमडीह और आदित्यपुर थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए चार अवैध शराब भट्टियों को नष्ट किया गया.


अभियान के दौरान विभिन्न ठिकानों से करीब 90 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई. इसके साथ ही शराब तैयार करने के लिए रखे गए करीब 2,700 किलोग्राम जावा महुआ को मौके पर विनष्ट किया गया.
भट्टी संचालकों की पहचान में जुटा विभाग
उत्पाद विभाग के अनुसार कार्रवाई के दौरान मिले अवैध शराब के ठिकानों को ध्वस्त कर दिया गया है. अब इन भट्टियों का संचालन करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है. चिन्हित आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
विभाग ने स्पष्ट किया है कि दुर्गापूजा के दौरान अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा. संदिग्ध ठिकानों पर नजर रखने के साथ छापेमारी भी की जाएगी.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

