जामताड़ा: खेल के मैदान में जामताड़ा की बेटियों ने एक बार फिर जिले का मान बढ़ाया है. बिरसा मुंडा वॉलीबॉल सुपर लीग राष्ट्र स्तरीय प्रतियोगिता-2026 में भाग लेने के लिए सावित्री देवी डीएवी पब्लिक स्कूल, जामताड़ा की बालिका टीम बुधवार को असम के लिए रवाना हुई. गुवाहाटी में 2 से 4 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में जामताड़ा की छात्राएं झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी. प्रतियोगिता का आयोजन ब्रह्मपुत्र वॉलीबॉल लीग, असम के तत्वावधान में किया जा रहा है. जामताड़ा से रवाना हुए दल में डीएवी पब्लिक स्कूल की आठ तथा सीएम गर्ल्स स्कूल की चार छात्राएं शामिल हैं. टीम में साक्षी कुमारी, निशा कुमारी, खुशी किस्कू, नीना नैंसी, आकांक्षा भारती, प्रियांशी सिंह, परिणीति हांसदा, सोनिया कुमारी, मोम कुमारी, मनीषा कुमारी और चाहत कुमारी शामिल हैं. टीम के साथ सीएम गर्ल्स स्कूल के क्रीड़ा शिक्षक नवीन सिंह बतौर कोच गए हैं.


जिले से लेकर राज्य तक बढ़ाया गौरव
राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलने से छात्राओं और उनके परिजनों में उत्साह है. स्कूल परिवार ने भी इसे जामताड़ा के लिए गौरव का क्षण बताया है. छात्राओं से बेहतर प्रदर्शन करते हुए विजयश्री हासिल करने की उम्मीद जतायी गयी है.दल को शुभकामनाओं के साथ विदा करते हुए प्राचार्य डॉ. विजय कुमार ने कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि छात्राएं जामताड़ा जिले और झारखंड राज्य का नाम रोशन करेंगी. उन्होंने कहा कि डीएवी अपने छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने के समान अवसर प्रदान करता है और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए लगातार प्रयास करता है.उन्होंने कहा कि डीएवी की टीम का झारखंड का प्रतिनिधित्व करना विद्यालय के लिए बड़ी उपलब्धि है. राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में शामिल होना गर्व की बात है. उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छात्राएं पूरे आत्मविश्वास के साथ खेलें और अपनी प्रतिभा का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

