जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी के पास छापेमारी कर पुलिस ने गुप्तेश्वर गिरी उर्फ लेदा को गिरफ्तार किया है. उसके पास से 1.428 किलोग्राम गांजा, एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और 10 हजार 435 रुपये नकद समेत अन्य सामान बरामद किया गया है. बुधवार को एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी. इस संबंध में बागबेड़ा थाना कांड संख्या 88/2026, दिनांक 30 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है. मामला एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत दर्ज किया गया है.


रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी के पास गांजा बेचने की मिली थी सूचना
पुलिस के अनुसार बुधवार को एसएसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि बागबेड़ा थाना क्षेत्र के रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी के पास एक युवक अवैध रूप से गांजा बेच रहा है. सूचना यह भी थी कि उसके पास हथियार मौजूद है.
सूचना को गंभीरता से लेते हुए सिटी एसपी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. पुलिस टीम ने सूचना का सत्यापन करने के बाद बताए गए स्थान पर छापेमारी की और गुप्तेश्वर गिरी उर्फ लेदा को पकड़ लिया.
कट्टा-कारतूस के साथ 1.428 किलो गांजा जब्त
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक लोहे का देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और 1.428 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया. इसके अलावा गांजा की तौल में इस्तेमाल होने वाली इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन, मार्क्स-01 पीस, मोमबत्ती-02 पीस, गांजा पैक करने वाला प्लास्टिक पाउच-62 पीस तथा 10,435 रुपये नकद जब्त किए गए हैं. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी.
गुप्तेश्वर गिरी के खिलाफ पहले से आठ मामले: एसएसपी
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार गुप्तेश्वर गिरी उर्फ लेदा की उम्र करीब 28 वर्ष है और वह बागबेड़ा थाना क्षेत्र के रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी का रहने वाला है. पुलिस ने उसके खिलाफ पूर्व से भी आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी दी है. पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ परसुडीह, बागबेड़ा, टेल्को और बर्मामाइंस थानों में कुल आठ पुराने मामले दर्ज हैं. इनमें आर्म्स एक्ट सहित भारतीय दंड संहिता और बीएनएस की विभिन्न धाराओं से जुड़े मामले शामिल बताए गए हैं.
विशेष टीम ने की छापेमारी
छापेमारी दल में पुलिस उपाधीक्षक विधि-व्यवस्था सुमित कुमार, पुलिस निरीक्षक सह बागबेड़ा थाना प्रभारी उमेश ठाकुर, पुलिस अवर निरीक्षक अरुण कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक जेवियर होरो, सहायक अवर निरीक्षक संतोष कुमार सहित बागबेड़ा थाना के टाइगर मोबाइल और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. इसके साथ ही गांजा की खरीद- बिक्री से जुड़े संभावित नेटवर्क की भी जांच की जा रही है.

