गम्हरिया: पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के तत्वावधान में प्रखंड स्तरीय स्वच्छता अभियान के तहत बुधवार को गम्हरिया प्रखंड परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया. अभियान में प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचीं जल सहियाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और परिसर की साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया.


अभियान के दौरान जल सहियाओं ने प्रखंड परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ- सफाई की. इधर- उधर पड़े कचरे को एकत्र किया गया और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य केवल एक दिन सफाई करना नहीं, बल्कि लोगों में स्वच्छता को लेकर नियमित व्यवहार विकसित करने और अपने आसपास के वातावरण को साफ रखने के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा.

जल सहियाओं ने ली स्वच्छता की शपथ
इस दौरान उपस्थित जल सहियाओं एवं विभाग से जुड़े लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई. सभी ने स्वयं स्वच्छता के प्रति सजग रहने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया. वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी विभाग अथवा सफाई कर्मियों की जिम्मेदारी नहीं है. गांव, पंचायत और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है. सामूहिक प्रयास से ही स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण तैयार किया जा सकता है.
गांवों में जागरूकता की अहम कड़ी हैं जल सहिया
कार्यक्रम में जल सहियाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया. ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल, स्वच्छता और स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर लोगों को जागरूक करने में जल सहिया जमीनी स्तर पर महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम करती हैं. उनसे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को साफ- सफाई, सुरक्षित पेयजल और स्वच्छता संबंधी व्यवहार के प्रति लगातार जागरूक करने की अपील की गई. अभियान के दौरान विशेष रूप से सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी नहीं फैलाने, कचरे का उचित निस्तारण करने और आसपास के वातावरण को साफ रखने का संदेश दिया गया.
स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश
जिला समन्वयक गौरांग चंद्र बेरा ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण का सीधा संबंध बेहतर स्वास्थ्य से है. इसलिए स्वच्छता अभियान को केवल किसी कार्यक्रम तक सीमित न रखकर इसे नियमित आदत के रूप में अपनाने की जरूरत है. कार्यक्रम में श्याम प्रमाणिक, कोऑर्डिनेटर आशीर्वाद पांडा सहित गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों की जल सहियाएं मौजूद रहीं. सभी ने अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता के संदेश को आगे बढ़ाने और लोगों को अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया.

