जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र के बाल विहार, कुंज नगर में बुधवार सुबह बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए. घटना एसके मेंस पार्लर स्थित काली मंदिर के समीप की बताई जा रही है.


जानकारी के अनुसार महिला वहां से गुजर रही थी. इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक उसके पास पहुंचे और मौका मिलते ही गले से सोने की चेन झपट ली. अचानक हुई वारदात के बाद महिला ने शोर मचाया. आसपास के लोग जब तक कुछ समझ पाते और मौके पर पहुंचते, दोनों बदमाश बाइक से फरार हो चुके थे.
दिनदहाड़े हुई छिनतई की घटना से इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति रही. सूचना मिलने के बाद सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना के संबंध में आसपास के लोगों से जानकारी ली.
पुलिस बदमाशों की पहचान के लिए घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. बाइक और बदमाशों के हुलिए के आधार पर भी सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है. मामले की जांच जारी है.

