चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ-गुदड़ी मुख्य मार्ग पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई. घटना पनसुआं डैम की घाटी के पास की है. यहां एक मैक्स पिकअप वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मारने के बाद उसे रौंद दिया और मौके से फरार हो गया.


प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे की है. गुदड़ी थाना क्षेत्र के तलंगजीरा गांव निवासी सोमा लुगुन (31 वर्ष), पिता टीरा लुगुन, बाइक से सोनुआ की ओर से गुदड़ी के लोढ़ाई जा रहे थे. इसी दौरान सोनुआ की तरफ से आ रही एक मैक्स पिकअप ने पनसुआं डैम की घाटी के पास उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगने के बाद युवक सड़क पर गिर पड़े, जिसके बाद पिकअप वाहन उन्हें रौंदते हुए फरार हो गया. हादसे में सोमा लुगुन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही सोनुआ पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. मृतक के पास से मिले आधार कार्ड के आधार पर उनकी पहचान सोमा लुगुन के रूप में की गई. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल, चक्रधरपुर भेज दिया है.
इधर, सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने पर भाजपा के पूर्व विधायक एवं पश्चिमी सिंहभूम जिलाध्यक्ष गुरुचरण नायक तुरंत अस्पताल पहुंचे. घटना के बाद मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है. पुलिस फरार मैक्स पिकअप वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक

