आसनसोल: आसनसोल- दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के कुल्टी थाना क्षेत्र में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर कार्रवाई की है. नियामतपुर फांड़ी अंतर्गत हरिजनपाड़ा में छापेमारी कर पुलिस ने कथित साइबर गतिविधियों से जुड़े सात लोगों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई के दौरान छह मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल भी बरामद की गई हैं.


पुलिस सूत्रों के अनुसार साइबर अपराध से जुड़ी जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी. इसी क्रम में पुलिस टीम ने नियामतपुर के हरिजनपाड़ा इलाके में अभियान चलाया और सात संदिग्धों को पकड़ा. पूछताछ के बाद सभी को गिरफ्तार कर लिया गया.
गिरफ्तार आरोपितों को आसनसोल साइबर थाना पुलिस ने अदालत में पेश किया. पुलिस अब उनसे पूछताछ कर कथित साइबर गतिविधियों में उनकी भूमिका, आर्थिक लेनदेन और अन्य संभावित संपर्कों के बारे में जानकारी जुटा रही है. बरामद मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है.
कुछ दिन पहले 11 गिरफ्तार, अब सात पर कार्रवाई
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले भी पुलिस ने इसी इलाके में अभियान चलाकर 11 लोगों को गिरफ्तार किया था. उस कार्रवाई के दौरान डिजिटल उपकरणों के साथ आर्थिक लेनदेन से संबंधित दस्तावेज भी जब्त किए जाने की बात सामने आई थी.
लगातार हो रही कार्रवाई के बीच पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार लोगों के बीच किसी तरह का आपसी नेटवर्क या अन्य कनेक्शन है या नहीं. जांच में सामने आने वाले डिजिटल और आर्थिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी. पुलिस के अनुसार साइबर अपराध के खिलाफ अभियान जारी रहेगा. जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

