जामताड़ा: थाना क्षेत्र के मिहिजाम रोड स्थित नर्सरी के पीछे मंगलवार को एक एल्बेस्टस के मकान से सड़ी-गली लाश बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव से उठ रही तेज दुर्गंध के बाद आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई. स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना जामताड़ा पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मकान से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. बताया जाता है कि शव की हालत बेहद खराब थी. शरीर पूरी तरह सड़ने लगा था और उसमें कीड़े पड़ चुके थे. पुलिस के अनुसार, शव को देखकर प्रथम दृष्टया करीब चार से पांच दिन पूर्व मौत होने की आशंका जताई जा रही है.


‘बाबा’ के नाम से जानते थे स्थानीय लोग
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि उक्त मकान में कोलकाता का रहने वाला 60 वर्ष से अधिक उम्र का एक वृद्ध अकेले रहता था. स्थानीय लोग उसे ‘बाबा’ के नाम से पुकारते थे. फिलहाल पुलिस शव की पहचान और वृद्ध के परिजनों की जानकारी जुटाने में लगी है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस का कहना है कि वृद्ध की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। शव काफी सड़ चुका है. मौत स्वाभाविक थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

