जामताड़ा: दुर्गापूजा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने रांची और अलीपुरद्वार जंक्शन के बीच साप्ताहिक पूजा विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है. इस ट्रेन का ठहराव पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल अंतर्गत चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर होगा. इससे जामताड़ा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को त्योहार के दौरान रांची और उत्तर बंगाल की ओर यात्रा करने के लिए अतिरिक्त रेल सेवा का विकल्प मिलेगा.


रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, ट्रेन संख्या 08661 रांची-अलीपुरद्वार जंक्शन पूजा विशेष ट्रेन 12 अक्टूबर से 9 नवंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार को रांची से रात 11:25 बजे रवाना होगी. यह ट्रेन कुल पांच फेरे लगाएगी और बुधवार सुबह 4 बजे अलीपुरद्वार जंक्शन पहुंचेगी.
वापसी में ट्रेन संख्या 08662 अलीपुरद्वार जंक्शन-रांची पूजा विशेष ट्रेन 14 अक्टूबर से 11 नवंबर 2026 तक प्रत्येक बुधवार को सुबह 7 बजे अलीपुरद्वार जंक्शन से रवाना होगी. पांच फेरे लगाने के बाद यह ट्रेन अगले दिन गुरुवार को सुबह 9:15 बजे रांची पहुंचेगी.
इस पूजा विशेष ट्रेन का चित्तरंजन स्टेशन पर ठहराव जामताड़ा जिले के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है. जामताड़ा और आसपास के क्षेत्रों के यात्री चित्तरंजन स्टेशन पहुंचकर इस ट्रेन से रांची और अलीपुरद्वार की यात्रा कर सकेंगे. त्योहारों के दौरान नियमित ट्रेनों में होने वाली अतिरिक्त भीड़ के बीच यह विशेष सेवा यात्रियों के लिए सहायक साबित हो सकती है.
रेलवे के अनुसार, पूजा विशेष ट्रेन में सामान्य द्वितीय श्रेणी, शयनयान और वातानुकूलित श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे. दुर्गापूजा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को ध्यान में रखते हुए शुरू की जा रही यह सेवा त्योहारों में यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध कराएगी.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल.

