चांडिल: चौका थाना क्षेत्र के सावडीह गांव में डायन होने के संदेह में एक विधवा महिला के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है. पीड़िता गुरुवारी महतो उर्फ थुपी महतो ने अपने देवर गुरुपद महतो और उसके बेटे प्रकाश महतो पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है. घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई.


मिली जानकारी के अनुसार घटना के समय गुरुवारी महतो अपने घर में अकेली सो रही थी. आरोप है कि इसी दौरान गुरुपद महतो और प्रकाश महतो उसके घर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए. इसके बाद महिला को डायन बताते हुए उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई.
मारपीट में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल महिला को देखकर तत्काल चौका थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेजा. घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बताई जा रही है. ग्रामीणों ने अंधविश्वास के नाम पर महिला के साथ हुई कथित मारपीट पर नाराजगी जताई है.
चौका थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले की सूचना मिली है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. जांच के बाद दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

